*जल संसाधन संभाग नारायणपुर द्वारा स्टॉपडैम एवं चेकडैम निर्माण से बढ़ा जल संरक्षण*
*लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ*
नारायणपुर, 08 जुलाई 2026// जलवायु परिवर्तन एवं वर्षा की कमी से उत्पन्न जल संकट से निपटने के उद्देश्य से नारायणपुर विकासखण्ड में खनिज न्यास निधि (DMF) के अंतर्गत 2025-26 में तीन जल संरक्षण कार्य पूर्ण किए गए, इन कार्यों में पुसागांव स्टॉपडैम, कोरेण्डा स्टॉपडैम तथा कोडोली चेकडैम शामिल है। जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 1.47 करोड़ रू. की लागत से इन योजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया, संरचनाओं के निर्माण से जल संरक्षण को नयी दिशा मिली है। अब वर्षा जल का संग्रहण होने से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।
*कृषकों एवं ग्रामीणो को मिलेगी राहत*
कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा खनिज न्यास निधि मद अंतर्गत निर्मित स्टॉपडैम एवं चेकडैम निर्माण से लगभग 150 एकड़ कृषि भूमि सिंचित होगी, इनमें पुसागांव स्टॉपडैम से 65 एकड़, कोरेण्डा स्टॉपडैम से 50 एकड़ तथा कोडोली चेकडैम से 35 एकड़ भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय कृषकों को खरीफ एवं रबी फसलों के उत्पादन में वृद्धि के साथ ही क्षेत्र में निस्तारी के लिए भी वर्षभर पानी उपलब्ध रहेगा जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
*भू-जल स्तर बढ़ेगा और मिट्टी कटाव पर लगेगी रोक*
जल संरचनाओं से वर्षा जल का अधिकतम संचयन होगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार एवं मिट्टी कटाव पर प्रभावी नियंत्रण होगा। भविष्य में जल संकट की समस्या काफी हद तक कम होगी।
*जनभागिता से मिली सफलता*
जल संरक्षण कार्यों में ग्रामीणों का सहयोग भी उल्लेखनीय रहा, स्थानीय लोगो की सहभागिता से सभी निर्माण कार्य समय पर व गुणवत्तापूर्वक किये गये। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को नई मजबूती मिली तथा ग्रामीणों को सिंचाई तथा निस्तारी हेतु दीर्घकालीन लाभ मिलेगा, जिससे समग्र विकास को गति मिलेगी ।





