
*स्कूल आश्रम छात्रावास और आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाना सुनिश्चित करें – कलेक्टर नम्रता जैन*
*जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
*प्रधानमंत्री आवास निर्माण के नोडल अधिकारियों को निरीक्षण करने के दिए निर्देश*
*अंदरूनी क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्र में लोगों का उपचार कराने के दिए निर्देश*
*जिले के आश्रम छात्रावास और स्कूल के पुराने भवनों को डिस्मेंटल कराने के निर्देश*
नारायणपुर, 11 फरवरी 2026// कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनमन प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत आवासों को पूर्ण कराने, पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, शौचालय, नक्सल पीड़ित परिवारों हेतु अनुकम्पा, राजस्व सर्वे, पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता, नवीन आंगनबाड़ी, नलजल मिशन के कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। स्कूल आश्रम छात्रावास और आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों का आधार कार्ड बनाना के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास निर्माण के नोडल अधिकारियों को निरीक्षण करने, अंदरूनी क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्र में लोगों का उपचार कराने, जिले के आश्रम छात्रावास और स्कूल के पुराने भवनों को डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नम्रता जैन ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में शौचालय निर्माण शिक्षकों की उपस्थित और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर लगाकर बच्चों का आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को आश्रम छात्रावास के बच्चों को खाद्य सामग्री एवं मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नम्रता जैन ने आश्रम छात्रावासों के नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को समय पर खाद्य सामग्री, लेखन सामग्री और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जनमन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास एवं रोजगार से जोड़ने, नक्सल पीड़ित एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों के परिवारों को शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामों में लंबित राजस्व पट्टा, वन अधिकार पट्टा, नजूल भूमि संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुतुल सहित अंदरूनी क्षेत्रों के स्वास्थ्य केन्द्रों में उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, मरम्मत और नवीन स्वीकृति से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिया, सड़क निर्माण, विद्युत पोल आपूर्ति, सोलर स्ट्रीट लाइट, जल आपूर्ति एवं अन्य विकास कार्यों में लंबित भुगतान प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरपालिका एवं पंचायत क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों, जनदर्शन के आवेदनों, सामाजिक सुरक्षा, राशन वितरण, आर्थिक सहायता तथा मजदूरी भुगतान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अबूझमाड़ क्षेत्र के आश्रम छात्रावासों, स्कूलों और स्वास्थ्य केन्द्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. टीआर कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद सीईओ नारायणपुर सुनिल कुमार सोनपिपरे, ओरछा सीईओ लोकेश चतुर्वेदी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।





