वनमण्डल नारायणपुर में तेन्दूपत्ता गुणवत्ता सुधार हेतु शाखकर्तन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

वनमण्डल नारायणपुर में तेन्दूपत्ता गुणवत्ता सुधार हेतु शाखकर्तन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

नारायणपुर, 20 फरवरी 2026// वनमण्डल एवं जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित नारायणपुर के अंतर्गत तेन्दूपत्ता नवीन नीति 2026 के तहत् तेन्दूपत्ता की उच्च गुणवत्ता हेतु वैज्ञानिक तरीके से शाखकर्तन (बूटा कटाई) के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 20 फरवरी को निस्तार डिपो नारायणपुर में रखा गया। शाखकर्तन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, विशिष्ट अतिथि जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित नारायणपुर के अध्यक्ष श्री मंगउराम कावड़े, गणमान्य नागरिक श्री राजूराम पद्दा, श्री जुगधर सम्मिलित हुए। कार्यशाला में शाखकर्तन कैसे करना है, के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। शाखकर्तन हेतु तेज धार की छोटी कुल्हाड़ी से लगभग 15 सेंटीमीटर गोलाई के पौधों की ही कटाई किया जाना है। यदि ठूंठ ठीक नहीं बना और फट गया है तो उससे पत्ते निकलने की संभावना क्षीण हो जाती है। शाखकर्तन करने के पूर्व ग्रामीणों द्वारा आग लगा दिया जाता है, जिससे की सही ढंग से शाखकर्तन कार्य नहीं होने से पत्ते की गुणवत्ता प्रभावित होती है तथा वनों में आग लगने से कई प्रकार के वनोपज, वनस्पति, छोटे जीव जंतु एवं वातावरण प्रभावित होता है। वनों में आग नहीं लगाने के संबंध में भी कार्यशाला में समझाईश दी गई। वर्ष 2026 हेतु 18802 मानक बोरा का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यशाला में कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा लक्ष्य 100 प्रतिशत पूर्ण करने हेतु समझाईश दी गई। इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्रहण काल के पूर्व शाखकर्तन हेतु प्रशिक्षण एवं शाखकर्तन कार्य संग्रहण क्षेत्रों में 25 फरवरी 2026 से 15 मार्च 2026 की अवधि में संपादित किया जावेगा। शाखकर्तन कार्य प्रारंभ होने के एक दिन पूर्व परिक्षेत्र स्तर पर सभी संलग्न कर्मचारियों जैसे फड़मुंशी, फड़ अभिरक्षक, पोषक अधिकारी, प्रबंधक अन्य विभागों से नियुक्त फड़ अभिरक्षक को भी प्रशिक्षण दिया जाना है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तेन्दूपत्ता संग्रहण दर 5 हजार 500 रूपये प्रति मानक बोरा तय किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल पुर्नवास नीति के तहत् नक्सल मुक्त हुये ग्रामों में नये फड़ खोले गये हैं उन ग्रामों के तेन्दूपत्ता हितग्राहियों को नवीन पारिश्रमिक कार्ड भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में वनमण्डलाधिकारी एवं प्रबंध संचालक श्री वेंकेटेशा एम.जी., जिला यूनियन नारायणपुर श्री घासीराम कोर्राम, उप प्रबंध संचालक, जिला यूनियन नारायणपुर, श्री हीरे सिंह उईके, उपवनमण्डलाधिकारी, उत्तर नारायणपुर, समस्त परिक्षेत्र अधिकारी तथा कर्मचारी, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वनमण्डल नारायणपुर एवं जिला यूनियन नारायणपुर के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment