
ढोढरीबेड़ा में बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे मंत्री केदार कश्यप
राहत राशि के चेक एवं आवश्यक सामग्री का किया वितरण
नारायणपुर, 01 अगस्त 2026// जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के कारण कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए, जिससे अनेक परिवार प्रभावित हुए तथा कई मकानों को नुकसान पहुंचा। ऐसे कठिन समय में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप बाढ़ प्रभावित ग्राम ढोढरीबेड़ा पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मंत्री श्री कश्यप ने प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा
इस अवसर पर मंत्री श्री केदार कश्यप ने शासन की ओर से स्वीकृत आपदा राहत सहायता राशि के चेक प्रभावित हितग्राहियों को वितरित किए। साथ ही प्रभावित परिवारों को चावल, दाल, खाद्य तेल सहित राशन सामग्री, साड़ी, धोती, बर्तन तथा दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई, ताकि आपदा के बाद परिवारों को तत्काल राहत मिल सके और उनकी आवश्यक जरूरतों की पूर्ति हो सके।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार किए जा रहे हैं तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की सहायता समय पर पहुंचाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में अभी भी बाढ़ का प्रभाव बना हुआ है, वहां लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिन परिवारों को मकान, फसल अथवा अन्य प्रकार की क्षति हुई है, उनका सर्वे कर नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री श्री कश्यप ने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश के दौरान नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। ग्रामीणों ने संकट की इस घड़ी में समय पर राहत सहायता एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार और मंत्री श्री केदार कश्यप का आभार व्यक्त किया।
प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं, ताकि सभी जरूरतमंद परिवारों तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, छोटे डोंगर की सरपंच श्रीमती संध्या पवार, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, तहसीलदार श्री एजाज, जनपद सीईओ श्री अमित भाटिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।