जलभराव वाले क्षेत्रों का वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया निरीक्षण

लगातार बारिश से प्रभावित एवं जलभराव वाले क्षेत्रों का वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया निरीक्षण

प्रभावित परिवारों को राहत सहायता एवं आवश्यक सामग्री का वितरण

नारायणपुर, 01 अगस्त 2026/ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित हुई है। कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कुछ ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री श्री कश्यप पालकी के आश्रित पारा चेचनपारा पहुंचे, जहां उन्होंने उफनते नाले एवं जलभराव की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की अद्यतन जानकारी ली तथा जलभराव से प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित 10 परिवारों को शासन की ओर से स्वीकृत राहत सहायता के चेक वितरित किए। प्रभावित परिवारों को चावल, दाल, खाद्य तेल सहित राशन सामग्री, कंबल, बर्तन एवं अन्य आवश्यक घरेलू उपयोग की सामग्री भी प्रदान की गई।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत सामग्री का वितरण पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन प्रभावित परिवारों को अभी तक सहायता प्राप्त नहीं हुई है, उनका शीघ्र सर्वे कर नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

ग्रामीणों से संवाद करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल प्रशासन, पुलिस या संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस एवं राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। शासन की प्राथमिकता जनजीवन की सुरक्षा, प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत तथा आवश्यकतानुसार पुनर्वास सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, छोटे डोंगर की सरपंच श्रीमती संध्या पवार, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार श्री सौरभ चौरसिया, जनपद सीईओ गुरमीत सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment