सेवा संकल्प अभियान के तहत कोहकामेटा और ओरछा में आयोजित होंगे विशेष शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत कोहकामेटा और ओरछा में आयोजित होंगे विशेष शिविर

1 अक्टूबर को कोहकामेटा और 7 अक्टूबर को ओरछा में लगेगा शिविर, 18-18 ग्राम पंचायतें होंगी शामिल

नारायणपुर, 21 सितंबर 2026// छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जिले के ओरछा विकासखंड एवं तहसील क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2026, गुरुवार को ग्राम पंचायत भवन कोहकामेटा में शिविर आयोजित होगा। इसमें कोहकामेटा क्षेत्र की सभी 18 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। इसी प्रकार 7 अक्टूबर 2026, बुधवार को आठ आश्रम रोड, ओरछा में शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें ओरछा क्षेत्र की सभी 18 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। दोनों शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर के सफल आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत ओरछा को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार ओरछा/कोहकामेटा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित रहकर अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करेंगे।
शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण संबंधित विभागों द्वारा शिविर स्थल पर ही किया जाएगा। लंबित एवं निराकृत आवेदनों की जानकारी भी नियमानुसार कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत ओरछा में जमा कराई जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिविर के सुचारू संचालन तथा ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment