
*लोहे की भूख ने ओरछा रोड को नोच डाला, जनता सड़क पर पैदल चलने को मजबूर — नरेन्द्र नाग प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़*
नारायणपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व अध्यक्ष बस्तर लोकसभा नरेन्द्र नाग ने ओरछा रोड की बदहाल स्थिति को लेकर खनिज परिवहन व्यवस्था और जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा।
नरेन्द्र नाग ने कहा कि निक्को जायसवाल की खनिज परिवहन व्यवस्था के दबाव ने ओरछा रोड की हालत ऐसी कर दी है कि जनता के लिए सड़क बची ही नहीं है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क टूट रही है, धूल और कीचड़ से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। सड़क जनता के आवागमन के लिए बनी है या खनिज परिवहन के लिए—यह सवाल अब जिला प्रशासन को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोहे की भूख इतनी बढ़ गई है कि सड़क की हालत, ग्रामीणों की परेशानी और आम जनता की सुरक्षा सब पीछे छूट गए हैं। खनिज से जुड़े वाहनों को सड़क पर चलने की सुविधा चाहिए, लेकिन सड़क बचाने की जिम्मेदारी कौन लेगा?
नरेन्द्र नाग ने जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सब कुछ नियमों के अनुसार चल रहा है तो फिर ओरछा रोड की यह दुर्दशा क्यों है? भारी वाहनों की संख्या, सड़क को हुए नुकसान, रखरखाव की जिम्मेदारी और सड़क निर्माण/मरम्मत पर खर्च की गई राशि की सार्वजनिक जानकारी प्रशासन को देनी चाहिए।
उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता की सड़क टूट रही है, ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन स्थानीय विधायक की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। जनता ने प्रतिनिधि सड़क की हालत देखने और आवाज उठाने के लिए चुना है, केवल खनिज परिवहन को रास्ता देने के लिए नहीं।
परमित दुग्गा जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी नारायणपुर ने कहा कि जनता के संसाधनों से बनी सड़क को किसी कंपनी या खनिज परिवहन व्यवस्था की सुविधा मात्र नहीं बनने दिया जाएगा। प्रशासन तत्काल सड़क का निरीक्षण कराए, भारी वाहनों के दबाव का आकलन करे, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराए और सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले परिवहन की जवाबदेही तय करे।
मानकू पोटाई ने कि अब जनता सवाल पूछेगी—खनिज किसका है, मुनाफा किसका है और सड़क की कीमत कौन चुका रहा है? यदि प्रशासन ने जनता की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया तो आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।