*विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित*
नारायणपुर, 13 जनवरी 2026// निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसआईआर 2026 अंतर्गत नोटिस जारी करने, दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा प्रगति की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भारत के नागरिक, अथवा जिनका नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट मतदाता सूची में छूट गया है, वे फार्म-06 के माध्यम से घोषणा पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। बैठक में राजनैतिक दलों को तृतीय साप्ताहिक प्रगति से अवगत कराया गया। इसके साथ ही फार्म-7, फार्म-8, फार्म-9, फार्म-10, फार्म-11, फार्म-11ए एवं फार्म-11बी की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके प्रारूपों की प्रतियां राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों ने राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात उसका अवलोकन एवं परीक्षण अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि पाए जाने पर निर्धारित प्रारूप एवं माध्यम से दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सूची को शुद्ध कराएं। प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की गई, ताकि जिले में शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।





