कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं,

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, निराकरण का दिलाया भरोसा

त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

नारायणपुर, 01 अप्रैल 2026// कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए तथा समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम पंचायत बागबेड़ा की रामदई ने राशन कार्ड, भूपेश देवांगन ने भू-अर्जन, आरक्षक उर्मिला नाग ने निवासरत मकान खाली कराने के संबंध में सहायता, सरपंच ग्राम पंचायत तेरदूल ने आवश्यक निर्माण कार्य, प्रवीण कुमार जोशी ने जीवन निर्वाह भत्ते को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत स्वीकृत कराने का आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार फूलनाथ ने नवीन शाला भवन निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की बकाया राशि का भुगतान ग्राम पंचायत टेमरूगांव से कराने, जयसिंह दुग्गा (ग्राम खड़कागांव) ने नलकूप खनन, ग्राम खैराभाट के ग्रामीणों ने खसरा नंबर 09 एवं 13 में पौधों के संरक्षण हेतु फेंसिंग तारबाड़ी लगाने, पर्यटन स्थल शांत सरोवर बिंजली में रामलाल कुमेटी के घर से बांध तक लगभग 800 मीटर सीसी सड़क निर्माण, परंपरागत संस्कृति संरक्षण हेतु गोटूल निर्माण तथा सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की मांग रखी।

इसके अलावा सरपंच ग्राम पंचायत गरांजी ने नया पंचायत भवन एवं मिट्टी-मुरूम सड़क, सरपंच ग्राम पंचायत कन्हारगांव ने सड़क निर्माण स्वीकृति, मनीराम सलाम (ग्राम सुलेंगा-धौड़ाई) ने खेल मैदान एवं प्रधानमंत्री सड़क, ग्राम हिकोनार के ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, सोमारूराम गोटा (ग्राम मालिंगनार) ने रोजगार, नरेन्द्र कुमार उईके (ग्राम बोरण्ड) ने एमबीबीएस की पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता, सरपंच ग्राम पंचायत नाउमुंजमेटा ने निर्माण कार्य स्वीकृति, ग्राम रायनार के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण तथा जयलाल उसेंडी (ग्राम दुग्गाबेंगाल) ने धोखाधड़ी कर भूमि की जबरन रजिस्ट्री कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment