खरीफ 2026: उर्वरक व बीज वितरण

*खरीफ 2026: उर्वरक व बीज वितरण में तेजी, किसानों को समय पर मिल रही कृषि सामग्री*

नारायणपुर, 26 जून 2026/ खरीफ सीजन 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में किसानों के लिए उर्वरक एवं प्रमाणित बीजों का भंडारण और वितरण कार्य तेज गति से किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि बुवाई कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
कृषि विभाग की जारी प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले को इस खरीफ सीजन के लिए कुल 4,645 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध अब तक 2,187.80 मीट्रिक टन (47 प्रतिशत) उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है। वहीं, उपलब्ध उर्वरक में से 1,511.35 मीट्रिक टन (69 प्रतिशत) किसानों को वितरित किया जा चुका है।
इसी प्रकार प्रमाणित बीजों के मामले में जिले को 2,303 क्विंटल का लक्ष्य मिला है। इसके मुकाबले अब तक 2,011.80 क्विंटल (87 प्रतिशत) बीज का भंडारण किया गया है। इनमें से 1,355.96 क्विंटल (67 प्रतिशत) बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं।
कृषि विभाग के उपसंचालक मोनिका ठाकुर ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक एवं बीज की किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए लगातार भंडारण और वितरण की प्रक्रिया जारी रहेगी। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक किसान को समय पर आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध हो, जिससे बुवाई कार्य प्रभावित न हो और उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों से ही उर्वरक और प्रमाणित बीज प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित कृषि अधिकारी से संपर्क करें।

Leave a Comment