कलेक्टर जनदर्शन में प्रशासन की संवेदनशील पहल, दिव्यांग छात्रा भूमिका को मिली नई रफ्तार*

 

*कलेक्टर जनदर्शन में प्रशासन की संवेदनशील पहल, दिव्यांग छात्रा भूमिका को मिली नई रफ्तार*

*आवेदन पर त्वरित कार्रवाई कर कलेक्टर ने प्रदान की बैटरी चलित ट्राईसाइकिल*

नारायणपुर, 13 जनवरी 2026 // कलेक्टर जनदर्शन एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया, जहां ग्राम महिमागवाड़ी की दिव्यांग छात्रा भूमिका पटेल को तत्काल राहत और नई उम्मीद मिली। कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदन पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कक्षा आठवीं में अध्ययनरत भूमिका को बैटरी चलित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके पश्चात मौके पर ही ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।

नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम महिमागवाड़ी की निवासी भूमिका पटेल जन्म से ही शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। किसान परिवार से संबंध रखने वाली भूमिका ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के प्रति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति को बनाए रखा। विद्यालय आने-जाने में उसे अब तक परिजनों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। बैटरी चलित ट्राईसाइकिल मिलने से अब उसके लिए विद्यालय तक पहुंचना सहज और सुरक्षित हो गया है।

जनदर्शन के दौरान भूमिका ने अपने सपनों और शैक्षणिक आकांक्षाओं को साझा करते हुए बताया कि वह पढ़-लिखकर कलेक्टर बनना चाहती है और अपने जिले की सेवा करना चाहती है। छात्रा की आत्मविश्वास से भरी बातों से प्रभावित होकर कलेक्टर नम्रता जैन ने न केवल तत्काल सहायता सुनिश्चित की, बल्कि उसकी छात्रवृत्ति की मांग पर समाज कल्याण विभाग को दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना से एक सप्ताह के भीतर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने भूमिका को यह आश्वासन भी दिया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन की ओर से रायपुर में उसके समुचित इलाज की व्यवस्था की जाएगी। बैटरी चलित ट्राईसाइकिल पाकर भूमिका के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था। भूमिका ने उसकी मांग पर त्वरित कार्रवाई से खुश होकर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment