एडजूम में आईटीबीपी का सिविक एक्शन प्रोग्राम, 400 ग्रामीणों को मिला लाभ*

*एडजूम में आईटीबीपी का सिविक एक्शन प्रोग्राम, 400 ग्रामीणों को मिला लाभ*

नारायणपुर, 03 मार्च 2026// सीओबी एडजूम, 38वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी के कैम्प परिसर में सोमवार को सिविक एक्शन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 38वीं वाहिनी के कमांडेंट रोशन सिंह असवाल के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ग्राम एडजूम, बड़े टोंडाबेड़ा, दूलुर और गौदारी के लगभग 400 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत ग्रामीणों को दैनिक उपयोग एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें स्कूल बैग, नोटबुक, पेन, पेंसिल, स्केच पेन, ज्योमेट्री बॉक्स, रबर, टिफिन बॉक्स, साइकिल, 500 लीटर क्षमता की पानी की टंकी सिंटैक्स, कृषि उपकरण, फुटबॉल, क्रिकेट बॉल, वॉलीबॉल तथा मच्छरदानी शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम सरपंचों, सचिवों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने आईटीबीपी के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। गृह मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निवासरत आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में स्थानीय प्रशासन के साथ सुरक्षा बलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को नशामुक्ति के लिए भी प्रेरित किया गया। कमांडेंट के निर्देशानुसार भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास हेतु ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इस सिविक एक्शन प्रोग्राम को सफल बनाने में सहायक सेनानी कप्तान सिंह सहित 38वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Comment