
नारायणपुर: पोर्टा केबिन विद्यालय देवगांव के छात्रों ने नवोदय परीक्षा में लहराया परचम
जिला नारायणपुर के पोर्टा केबिन आवासीय विद्यालय देवगांव के विद्यार्थियों ने इस वर्ष जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर एक मिसाल कायम की है। इस उपलब्धि के पीछे छात्रावास अधीक्षक रंजीता नाग और प्रधानाध्यापक सविता यादव का समर्पित मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर मेहनत को मुख्य कारण माना जा रहा है।
विद्यालय में शालेय समय के अतिरिक्त बच्चों को नवोदय की विशेष कोचिंग भी उपलब्ध कराई गई। अनुभवी ट्यूटरों के माध्यम से पढ़ाई कराई गई, साथ ही अधीक्षक और प्रधानाध्यापक द्वारा एक विशेष अध्ययन योजना तैयार की गई थी। इस योजना के तहत नियमित कक्षाओं के साथ सुबह-शाम अतिरिक्त कोचिंग, साप्ताहिक टेस्ट और व्यक्तिगत मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई।
छात्रावास अधीक्षक स्वयं बच्चों की प्रगति पर लगातार नजर रखते थे और समय-समय पर उनका उत्साहवर्धन भी करते थे। इस उपलब्धि पर अभिभावकों ने खुशी जाहिर करते हुए अधीक्षक, प्रधानाध्यापक और सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।
अधीक्षक रंजीता नाग ने सफलता का श्रेय बच्चों की मेहनत और लगन को देते हुए कहा कि यदि इसी तरह प्रयास जारी रहा, तो आने वाले वर्षों में और भी बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।







