03 मई को आयोजित होगा NEET (UG) परीक्षा 

03 मई को आयोजित होगा NEET (UG) परीक्षा

 

परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी

 

बिना आवश्यक दस्तावेज प्रवेश नहीं

 

नारायणपुर, 27 अप्रैल 2026// राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर परीक्षार्थियों के लिए अहम निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को अनिवार्य दस्तावेज साथ रखना होगा, अन्यथा उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जारी सूचना के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को A4 साइज में प्रिंट किया हुआ एडमिट कार्ड (रंगीन प्रिंट को प्राथमिकता), एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस या स्कूल आईडी), आवेदन में अपलोड की गई दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा निर्धारित प्रारूप में एक पोस्टकार्ड साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। इसके अलावा पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। जिले में NEET (UG) परीक्षा हेतु पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नारायणपुर को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।

 

प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती

 

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, किताबें, नोट्स, कागज के टुकड़े, पेन-पेंसिल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, बैग, पर्स, बेल्ट, ज्वेलरी, कैमरा सहित किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे सामान के साथ पकड़े जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। बिना एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और फोटो के किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।PwD श्रेणी के अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र साथ रखना होगा। अभ्यर्थियों को सामान्य कपड़ों में आने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्र पर स्टेशनरी पेन उपलब्ध कराई जाएगी। एडमिट कार्ड और फोटो परीक्षा केंद्र में जमा किए जाएंगे, वहीं प्रिंट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। केंद्र पर किसी भी सामान के रखने की व्यवस्था नहीं होगी, खोने पर प्रशासन जिम्मेदार नहीं रहेगा। परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग का समय सुबह 11:00 बजे से निर्धारित है, जबकि अंतिम प्रवेश समय दोपहर 1:30 बजे तय किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Leave a Comment