समय सीमा की बैठक।
जाति प्रमाण पत्र मिशन मोड में बनाना सुनिश्चित करें – कलेक्टर नम्रता जैन
सड़क, भवन व अन्य निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश
सुदूर वनांचल के गांवों में गांव में ही राशन उपलब्ध कराने के निर्देश
नियद नेल्लानार के ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं और आधार कार्ड वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
एनीमिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य जांच अभियान तेज करने और पोषण पुनर्वास केंद्रों में शत-प्रतिशत भर्ती के निर्देश
नारायणपुर, 30 मार्च 2026// जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से आश्रम छात्रावास के स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा उन्होंने ‘नियद नेल्लानार’ योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कलेक्टर ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर बोर खनन कार्य प्रारंभ किया जाए तथा खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत झारावाही में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, हांदावाड़ा में नवनिर्मित पीडीएस गोदाम में राशन सामग्री की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्राम मोडमवाड़ा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रावघाट माइंस क्षेत्र में लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही हांदावाड़ा में नल-जल योजना एवं सोलर लाइट व्यवस्था सुदृढ़ करने, राजस्व एवं वन अधिकार पट्टा वितरण तथा सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत रेकावाया में स्कूल से पंचायत भवन तक सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान करने, बीएससी नर्सिंग के लिए पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा उप स्वास्थ्य केंद्र गोमे के मरम्मत कार्य की जांच करवाने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त नेलनार, पदमकोट एवं कोडोली में हैंडपंपों की स्थिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, बीएसपी क्षेत्रांतर्गत आंगनबाड़ी, स्कूल, पेयजल एवं सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं के लिए सर्वे कर रिपोर्ट देने को कहा गया। कलेक्टर ने ग्राम पालकी शालेबाटपारा में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, नहरों के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंचाने तथा ग्राम पंचायत हिकुल के आश्रित पारा कावड़ी एवं ग्राम पंचायत मेटानार के आश्रित ग्राम टाहकाडोंड में सोलर ड्यूल पंप स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन निर्माण कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए, ताकि उनका उपयोग आम जनता के हित में सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ एमजी वेंकेटेशा, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, डीके कोशले, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. राजेन्द्र सिंह, जनपद सीईओ सुनिल कुमार सोनपिपरे, लोकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







