कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

कलेक्टर नम्रता जैन ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

त्वरित कार्रवाई संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

नारायणपुर, 30 मार्च 2026// कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। समस्त कर्मचारी अंजरेल द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई, वहीं मितान पेट्रोल पंप की सविता पोडियाम ने अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए नौकरी के नियमितीकरण की मांग रखी। केपी सागर, जिला अध्यक्ष भारतीय प्रशासनिक सुधार ने लक्ष्मीकांत पटेल, उप अभियंता जनपद पंचायत नारायणपुर के विरुद्ध कार्रवाई और निलंबन की मांग की। इसी प्रकार ग्राम पुसागांव की कुन्ती मरकाम ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलाने, ग्राम पंचायत सोनपुर की चमेली ने समग्र विकास योजना के तहत निर्माण कार्यों की स्वीकृति, ग्राम पंचायत गोमागाल के सरपंच मन्नू ध्रुव ने सचिव को हटाने, सड़क निर्माण, अधूरी नल-जल योजना को पूर्ण करने और मिट्टी-मुरूम सड़क निर्माण की मांग रखी।
ग्राम पंचायत कोलियारी के सरपंच ने 15वीं वित्त की राशि के दुरुपयोग की शिकायत की, जबकि ग्राम पंचायत कोंगेरा के सरपंच ने कोंदाहुट में स्कूलपारा से डोंगरीपारा तक पुलिया निर्माण और बिजली कनेक्शन की मांग की। कन्या आश्रम सोनपुर की प्रभारी अधीक्षिका श्रीमती संते आयला ने अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क में आ रही बाधाओं को लेकर भी आवेदन दिया गया। कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment