
“आओ बांटें खुशियां” पहल के तहत अधिकारियों ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन
पहल से नन्हें चेहरों पर मुस्कान और सामाजिक सरोकार से जुड़ रहा जन्मोत्सव
नारायणपुर, 01 अप्रैल 2026// प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जिले में संचालित अभिनव पहल “आओ बांटें खुशियां” के तहत अधिकारी और कर्मचारी अपने जन्मदिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए अनूठी मिसाल प्रस्तुत कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से वे नन्हें बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांट रहे हैं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संवेदनशील निर्वहन कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिला कोषालय अधिकारी हरीश साहू ने प्राथमिक शाला सुलेंगा में बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया, वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एस. के. वर्मा ने बौद्धिक मंद बालिका विद्यालय सुलेंगा में बच्चों के बीच अपना विशेष दिन बिताया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें फल, मिठाई तथा पौष्टिक आहार वितरित किया।
बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताते हुए उन्होंने उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी और स्नेह व प्रोत्साहन से उनका उत्साह बढ़ाया। “आओ बांटें खुशियां” पहल के तहत इस प्रकार के आयोजन जिले में लगातार किए जा रहे हैं, जो न केवल बच्चों के जीवन में खुशी के रंग भर रहे हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का संदेश भी दे रहे हैं।







