जनगणना 2027
जिले में जन जागरूकता अभियान तेज
नुक्कड़ नाटक और एलईडी वैन से होगा प्रचार
नारायणपुर, 27 अपै्रल 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत जिले में प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक और एलईडी वैन के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम हाट-बाजार, ग्राम पंचायत, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होंगे। जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न तिथियों के लिए नायब तहसीलदार ओरछा विजय कुमार साहू, प्रभारी तहसीलदार छोटेडोंगर वेदप्रकाश साहू, तहसीलदार कोहकामेटा डॉ. मोहम्मद एजाज हाशमी, नगरपालिका अधिकारी रामचन्द्र यादव और तहसीलदार नारायणपुर सौरभ चौरसिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
07 मई दिन गुरुवार को ओरछा एवं छोटेडोंगर में, 08 मई दिन शुक्रवार को कुतुल बाजार, कोहकामेटा एवं सोनपुर और 09 मई दिन शनिवार को सब्जी मार्केट, पुराना बस स्टैंड सहित जिला मुख्यालय एवं बेनूर क्षेत्र में जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। क्षेत्र में इन कार्यक्रमों में प्रातः कालीन सत्र के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अभियान का संचालन किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि जनगणना से संबंधित जानकारी हर नागरिक तक पहुंच सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनगणना 2027 को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़े और सभी नागरिक इसमें सक्रिय रूप से सहयोग करें।



